स्मार्ट प्रीपेड मीटर के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार विरोध, चला जागरूकता अभियान
पूर्णिया।
बिहार में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष राम लखन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बीसबारी पंचायत के झंझरी, पीरनगर होते हुए ग्वालपाड़ा तक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को स्मार्ट प्रीपेड मीटर की खामियों के बारे में बताया गया और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त न करने की अपील की गई।
प्रखंड अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार और केंद्र की मोदी सरकार, अंबानी-अडानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए आम जनता से जबरन टैक्स वसूल रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को मुकदमे का भय दिखाकर प्रीपेड मीटर थोपे जा रहे हैं।
राम लखन यादव ने यह भी कहा कि पूर्व ऊर्जा सचिव संजीव हंस इसी कंपनी से मोटी रकम लेने के आरोप में जेल में बंद हैं, इसके बावजूद सरकार इस विवादित योजना को आगे बढ़ा रही है।
इस विरोध अभियान में मो. इजहार, मो. गफ्फार अली, रामचंद्र यादव, चंद्रकिशोर ठाकुर, मो. शोएब आलम, निरंजन कुमार झा, राजकिशोर मेहता, प्रिंस कुमार, झुनकू कुमार, चंदन कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



