
बिहार को नई रफ्तार: NH-31 पर 6 लेन गंगा पुल का निर्माण पूरा, 150 किमी कम होगी दूरी
बिहार को विकास की नई सौगात मिल चुकी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने औंटा (मोकामा) – सिमरिया (बेगूसराय) के बीच गंगा नदी पर 6 लेन एक्स्ट्रा-डोज ब्रिज का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।
यह पुल पुराने राजेंद्र सेतु के समानांतर बनाया गया है, जो एक रेल-सह-सड़क पुल था। 8.15 किमी लंबा और ₹1871 करोड़ की लागत से निर्मित यह पुल उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार को सीधा जोड़ेगा। इसके तैयार हो जाने से यात्रा दूरी में लगभग 150 किमी तक की कमी होगी और भारी वाहनों की आवाजाही पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी।
पुल की प्रमुख विशेषताएं
-
लंबाई: 8.15 किमी
-
लागत: ₹1871 करोड़
-
एग्जिक्यूटिव एजेंसी: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI)
-
प्रकार: 6 लेन एक्स्ट्रा-डोज ब्रिज
-
स्थान: औंटा (मोकामा) – सिमरिया (बेगूसराय)
मिलेगा आर्थिक और सामाजिक लाभ
इस पुल के बन जाने से न केवल औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों को बल मिलेगा, बल्कि यह क्षेत्रीय व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर कनेक्टिविटी भी प्रदान करेगा। साथ ही, यह पुल सिमरिया धाम जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंच को भी आसान बनाएगा।
अब तक भारी वाहनों को पटना के गांधी सेतु से होकर गुजरना पड़ता था, जिससे लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। लेकिन इस नए पुल से उत्तर बिहार (बेगूसराय, सुपौल, मधुबनी, अररिया) से दक्षिण बिहार (शेखपुरा, नवादा, लखीसराय) की दूरी काफी हद तक कम हो जाएगी।
यह परियोजना पूर्वी भारत की कनेक्टिविटी और विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी।