
ठाकुरगंज:
“नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच ठाकुरगंज में शनिवार मध्यरात्रि भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। नगर के श्री जगन्नाथ मंदिर, श्रीराम जानकी मंदिर और भारत सेवाश्रम संघ सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर और पूजा-अर्चना कर श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।
पूरे नगर में मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर भगवान की लीलाओं को दर्शाती सुंदर झांकियां सजाई गईं। श्रद्धालुओं ने पूरी रात भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया और भक्ति में लीन रहे। ठीक रात 12 बजे परंपरागत रूप से खीरा का नार काटकर भगवान श्रीकृष्ण का प्रतीकात्मक जन्म कराया गया।
मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पुजारियों ने विधिविधान से पूजा-अर्चना करवाई। श्री जगन्नाथ मंदिर में स्थानीय गायक द्वारा आयोजित भजन संध्या ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। वहीं भातढाला स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में सिलीगुड़ी से आए कलाकारों ने शानदार झांकी और भजन संध्या की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे।
भारत सेवाश्रम संघ में भी विशेष पूजा-अर्चना हुई, जहां भक्तों ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की मंगल कामना की। पूरे ठाकुरगंज में जन्माष्टमी महोत्सव का उल्लास देर रात तक छाया रहा।