पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा धमाका हुआ है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और विधायक तेज प्रताप यादव ने पहली बार अपने छोटे भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को खुले शब्दों में चेतावनी दी है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि लोकतंत्र बचाने निकले लोग ही लोकतंत्र को तार-तार कर रहे हैं।
जयचंद पर भड़के तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव ने अपने बयान में कहा कि नबीनगर से विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह के गाड़ी चालक और एक मीडिया पत्रकार के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यह काम किसी “जयचंद” ने किया है।
तेज प्रताप ने तंज कसते हुए कहा –
“मुझे समझ नहीं आ रहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव लोकतंत्र बचाने निकले हैं या फिर लोकतंत्र को तार-तार करने निकले हैं। पत्रकार और ड्राइवर की पिटाई लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है।”
तेजस्वी को सीधी चेतावनी
तेज प्रताप यादव ने पहली बार तेजस्वी को सीधे चेतावनी देते हुए कहा –
“अभी भी समय है, अपने आसपास के जयचंदों से सावधान हो जाओ। अगर ऐसा नहीं किया तो आने वाले चुनाव में बहुत बुरे नतीजे देखने को मिलेंगे।”
उन्होंने साफ कहा कि जनता सब देख रही है और चुनाव परिणाम ही तय करेंगे कि कौन कितना समझदार है।
लोकतंत्र बचाने पर सवाल
तेज प्रताप ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र बचाने की बात करने वाले लोग ही लोकतांत्रिक मूल्यों को चोट पहुँचा रहे हैं। उन्होंने इसे बेहद ही गलत और शर्मनाक करार दिया।
‘जनता करेगी फैसला’
तेज प्रताप यादव ने कहा कि जनता ही तय करेगी कि गलत रास्ता अपनाने वालों को कितना भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में तेजस्वी यादव को दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा –
“अब चुनाव ही बताएगा कि आप कितने समझदार हैं।”
राजनीतिक गलियारों में हलचल
तेज प्रताप यादव का यह वीडियो संदेश राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। पहली बार उन्होंने खुले तौर पर तेजस्वी को चेतावनी देते हुए कहा कि “गलत लोगों से दूरी बनाओ, वरना जनता चुनाव में करारा जवाब देगी।”



