कोलकाता:
अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के कोलकाता दौरे के दौरान साल्ट लेक स्थित विवेकानंद युवा भारती स्टेडियम में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हजारों की संख्या में पहुंचे फैंस को अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक तक नहीं मिल सकी।
GOAT India Tour 2025 के तहत मेसी 13 दिसंबर की रात को कोलकाता पहुंचे थे। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे स्टेडियम में उनका एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था और फैंस मेसी की झलक पाने को बेताब थे।
मेसी ने मैदान में उतरते ही फैंस का अभिवादन करते हुए ग्राउंड का चक्कर लगाया, लेकिन उनके साथ मौजूद मंत्री, नेता और वीवीआईपी सुरक्षा घेरे के कारण कई दर्शकों को उन्हें ठीक से देखने का मौका नहीं मिल पाया।
नाराज फैंस ने किया हंगामा
जब मेसी कुछ ही मिनटों में मैदान से बाहर जाने लगे, तो पहले से नाराज फैंस का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए दर्शकों ने इवेंट मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और स्टेडियम के अंदर बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। कुछ जगहों पर पोस्टर और होर्डिंग तोड़े जाने की भी खबर है।
हालात बिगड़ते देख मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और मेसी समेत अन्य वीवीआईपी मेहमानों को सुरक्षित रूप से स्टेडियम से बाहर निकाला गया।
“हम नेताओं को नहीं, मेसी को देखने आए थे”
नाराज फैंस ने आरोप लगाया कि मेसी सिर्फ 10 मिनट के लिए स्टेडियम में मौजूद रहे और उन्होंने न तो कोई किक मारी और न ही पेनल्टी ली। कई फैंस मेसी की एक झलक भी नहीं देख पाए, जबकि उन्होंने 4,500 से 10,000 रुपये तक के टिकट खरीदे थे।
एक नाराज दर्शक अजय शाह ने पीटीआई से कहा,
“हमने एक महीने की सैलरी खर्च कर दी, लेकिन मेसी को देख भी नहीं पाए। हम नेताओं को देखने नहीं आए थे। मेसी के साथ सेल्फी लेने वालों की वजह से फैंस को निराशा मिली।”
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरें
स्टेडियम के अंदर मची अव्यवस्था की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। जो पल भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए ऐतिहासिक और खुशी का होना चाहिए था, वह अव्यवस्था और नाराजगी की भेंट चढ़ गया।
मेसी का भारत दौरा
लियोनेल मेसी 13 से 15 दिसंबर तक कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली के दौरे पर हैं। कोलकाता के बाद वे हैदराबाद जाएंगे, जहां तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ एक फ्रेंडली मैच खेलने की भी योजना है।



