
ठाकुरगंज में एक दिवसीय रास महोत्सव शुरू
कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर ठाकुरगंज प्रखंड में आयोजित होने वाला रास महोत्सव मंगलवार की संध्या सत्यनारायण पूजा के साथ झाला व गलगलियागच्छ में शुरू हो गया। भगवान राधा कृष्ण की प्रतिमा को चाक पर स्थापित कर पुरोहित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा किया गया। चाक पर स्थापित राधा कृष्ण की आठ जोड़ी प्रतिमा के साथ रास पूजन किया गया। पूजनोपरांत 24 घंटे का अष्टयाम संकीर्तन शुरू हुआ। जो दूसरे दिन देर शाम को हवन के साथ संपन्न होगा। बंगाल, नेपाल व आस-पास के इलाकों के कीर्तन मंडली द्वारा हरे राम हरे राम, राम-राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण हरे हरे के उच्चारण से पूरा इलाका गूंज उठा है। बता दें कि कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर प्रति वर्ष झाला व गलगलियागच्छ में रास महोत्सव मनाया जाता है। स्थानीय राजवंशी समाज द्वारा नाटक का मंचन भी किया जाता है। इस दौरान मेला का भी आयोजन होता है। वही इस मौके पर मुख्य रूप से महिलाओं ने महानंदा नदी जाकर स्नान किया और पूजा-अर्चना की।