बीकोठी के आंगनबाड़ी केंद्र पर नहीं मिला एक भी बच्चा
आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति कम दर्ज की जा रही है। बड़हारा कोठी के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 99 पर तो एक भी बच्चे मौजूद नहीं पाये गये। वहां मेनू चार्ट भी उपलब्ध नहीं था। पोषाहार संचालित नहीं पाया गया। बाल विकास परियोजना के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी शोभा सिन्हा के द्वारा मंगलवार को बीकोठी के आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान केंद्रों की स्थिति अच्छी नहीं पायी गयी। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों का वक्त सुबह दस से दो बजे तक का है। आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 99 के निरीक्षण के दौरान एक भी बच्चा मौजूद नहीं पाया गया। आंगनबाड़ी केंद्र जयनगरा आदिवासी टोला केंद्र संख्या 118 पर 11 बच्चे पाये गये। यहां भी पोषाहार संचालित नहीं पाया गया। आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 228 के निरीक्षण के दौरान सिर्फ दस बच्चे पाये गये। पोषाहार नहीं बनाया गया था। केंद्र संचालन की स्थिति असंतोषप्रद पायी गयी। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने बताया कि संबंधित महिला पर्यवेक्षिका एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी बीकोठी से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। केंद्र की सेविका और सहायिका के विरुद्ध विभाग द्वारा निर्धारित विधिसम्मत कार्रवाई भी की जायेगी।
HINDUSTAN