
कार ने साइकिल सवार दो को कुचला एक की मौत
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे 81 पर मनिया स्थित आदिवासी टोला के पास बुधवार की रात करीब 8:15 बजे के बाद बेलगाम कार ने दो युवकों को कुचल दिया। इससे एक युवक की मौत घटना स्थल पर हो गई।
एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया। इसके बाद सदर अस्पताल पहुंच कर जख्मी से घटना के बारे में पूछताछ की। मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर निर्मल कुमार यादवेंदु ने बताया कि मृतक की पहचान पूर्णिया जिला के के. हाट थाना क्षेत्र के रिकाबगंज निवासी हीरा लाल यादव के रूप में हुई है।
जबकि जख्मी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी मोनू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बारे में बताया जाता है कि पचपन वर्षीय हीरालाल नगर थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित ससुराल आया था। बुधवार की शाम वह और उसका साला मोनू यादव(30) मनिया साइकिल से गाय दुहकर साइकिल से वापस घर आ रहा था। इस बीच प्राणपुर जा रही तेज गति से एक कार ने उसे कुचलते हुए फरार हो गया। इससे दोनों युवक घटना स्थल पर गंभीर रूप से घायल होकर गिरगये। घटना के बाद घटना स्थल के आसपास के लोगों की भीड़ सड़क पर लग गई। दोनों जख्मी को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उठाकर वाहन से अस्पताल पहुंचा दिया। जख्मी मोनू को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है हीरालाल मजदूरी करता था। मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में सड़क हादसा का केस कार के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।
Source-HINDUSTAN