
अब तक नहीं मिली फसल क्षतिपूर्ति अनुदान राशि
प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ आने के सात माह बीतने को है। प्रभावित किसानों को अब तक फसल क्षतिपूर्ति अनुदान की राशि नहीं मिली है। जिसके कारण किसानों में मायूसी के साथ साथ आक्रोश भी पनपने लगा है।
प्रखंड के करीब ग्यारह पंचायतों को पूर्ण रुप से बाढ़ ग्रसित घोषित किया गया था। बाढ़ ने सैकड़ों एकड़ जमीन में लगे फसलों को अपनी चपेट में लेकर बर्बाद कर दिया था। किसानों को फसल क्षतिपूर्ति अनुदान राशि दिये जाने की सरकार की घोषणा के बाद किसान कुछ राहत महसूस करने लगे थे। अनुदान नहीं मिलने के कारण किसानों में विभागीय अधिकारी के प्रति आक्रोश व्याप्त है। किसान मो तौवाब, एहसानुल एकबाल, मुरारी गुप्ता, गुड्डू आलम, कैश लाजमी, मो नकीर ने बताया कि अनुदान के लिए विभाग द्वारा ऑनलाईन आवेदन बैंक खाते एवं आधार कार्ड के साथ लिया गया था। बावजूद आज तक अनुदान राशि नही मिली। इस बावत प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामबाबू ने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों से राशि नहीं भेजी गयी थी। सात फरवरी से सभी किसानों के बैंक खाते में राशि भेजना शुरू कर दिया जायेगा।
HINDUSTAAN