पूर्णिया में खुलेगा महिला डाकघर, सभी कर्मी होंगी महिलाएं.
पटना के बाद पूर्णिया में महिला डाकघर खुल सकता है। शहर के छह में से किसी एक उप डाकघर को महिला डाकघर बनाया जायेगा। महिला डाकघर में सभी लोगों का काम होगा, अंतर सिर्फ इतना होगा कि यहां काम करने वाले सभी डाककर्मी महिलाएं होंगी। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजा जा चुका है। महिला डाकघर की राह में दिक्कत यह है कि पूर्णिया में महिला कर्मचारियों की किल्लत है। पूर्णिया व अररिया जिला में 128 डाक सहायक हैं, जिसमें महिलाएं सिर्फ दो हैं। महिला डाकघर के लिए वहां दो महिला डाक सहायक जरूरी है ताकि एक छुट्टी पर रहे तो काम प्रभावित न हो। इसके अलावा बाकी स्टाफ भी महिलाएं ही चाहिए। पूर्णिया प्रमंडल के डाक अधीक्षक आरपी प्रसाद ने बताया कि हर मंडल में एक उपडाकघर को महिला डाकघर बनाने की योजना है। पूर्णिया में भी महिला डाकघर खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। डाक विभाग के महाअध्यक्ष इसी माह पूर्णिया आने वाले हैं। उनके साथ इस पर चर्चा की जायेगी। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारियों की कमी है। यहां सिर्फ दो महिला डाक सहायक हैं। महिलाओं की संख्या पहले अधिक थी, लेकिन कुछ लोगों का ट्रांसफर हो गया। कुछ रिटायर हो गये।
HINDUSTAN