
अमौर (पूर्णिया) — अमौर पुलिस ने दुष्कर्म व POCSO Act मामले में वांछित एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. बाबर (साकिन चौका, डौहुआबाड़ी, अमौर) के रूप में की गई है। उसे कांड के अनुसंधानकर्ता अपर थानाध्यक्ष अनन्त राम ने किशनगंज रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में दुष्कर्म पीड़ित किशोरी की मां ने 06.09.2025 को अमौर थाना कांड संख्या 399/25 के तहत दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में मुख्य आरोपी मो. बाबर सहित सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था।
पीड़िता की मां ने बताया कि बीते 02 सितंबर की रात करीब नौ बजे उसकी 17 वर्षीय बेटी अपने घर के समीप बांसझाड़ में शौच करने गई थी, इसी दौरान मो. बाबर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब मां-बेटी बाबर के घर शिकायत लेकर पहुंचीं तो उनके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अपर थानाध्यक्ष अनन्त राम ने मुख्य आरोपी मो. बाबर को किशनगंज से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है जबकि कांड से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।