
Bihar Weather: राज्य में दो दिनों तक छिटपुट बारिश फिर झमाझम बरसेंगे बादल, तीन जिलों में अलर्ट
अगले दो दिन बारिश की छिटपुट स्थिति रहेगी। ऐसे में लोगों को उमस और गर्मी से सामना करना पड़ेगा। दो दिनों के बाद राज्य में झमाझम बारिश के आसार हैं। हालांकि, गुरुवार को हुई बारिश की वजह से तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गयी है और मौसम अच्छा हो गया।
गुरुवार को राजधानी में सुबह धूप निखरी, लेकिन दिन दस बजे के आसपास बादलों का बसेरा आसमान में हो गया। कुछ देर के लिए झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। बारिश की वजह से पटना के तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई और अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को राज्य के कई जिलों में बारिश हुई । राज्य में सर्वाधिक तापमान कटिहार में रिकॉर्ड किया गया। पारा 37.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।पटना समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में गुरुवार को हुई बारिश की वजह से मौसम सुहाना बना रहा।