
Kaun banega crorepati: आरा की रजनी ने जीते 50 लाख, 75 लाख के सवाल पर छोड़ा शो
भारतीय टेलीविजन के सबसे बड़े व दिलचस्प गेम शो केबीसी (कौन बनेगा करोड़पति) में आरा की बहू रजनी मिश्रा ने 50 लाख रुपए जीत लिये। हालांकि 75 लाख के सवाल पर वे अटक गईं और अंतत उन्होंने गेम छोड़ दिया। उक्त सवाल था- किस शहर की प्रयोगशाला में बंदरों में मंकिपॉक्स का पहला मामला आया था? इसमें चार विकल्प थे- जोहान्सबर्ग, कुआलालुम्पुर, टोकियो व कोपेनहेगेन। इसका उत्तर कोपेनहेगेन होगा।
गेम छोड़ने के बाद रजनी ने इसका उत्तर जोहान्सबर्ग बताया। यदि वे गेम नहीं छोड़ती तो उत्तर गलत होता। वीडियो कॉल ए फ्रेंड भी इस सवाल का जवाब देने में मदद नहीं कर पाये। उन्हें जोहान्सबर्ग व कोपेनहेगेन में कनफ्यूजन था और दोनों ही होने की संभावना जताई थी। हालांकि रजनी मिश्रा ने बहुत ही बढ़िया खेला और खेल के तरीके की गेम के होस्ट अमिताभ बच्चन ने काफी प्रशंसा की।
खेल के दौरान रजनी ने आरा का नाम नहीं लिया और वे खुद को बिहार की बता रही थीं। वे फिलहाल पं बंगाल के दुर्गापुर में इंजीनियर पति के साथ रह रही हैं। रजनी के हॉट सीट पर पहुंचते ही आरा शहर समेत भोजपुर जिले के लोगों में भी उत्सुकता बढ़ गयी थी। इसका प्रसारण गुरुवार की रात हुआ और गेम क्विट करने के साथ ही गुरुवार का गेम समाप्त हो गया।