
राबड़ी आवास में इस बार भी नहीं होगी छठ पूजा! लालू यादव के अभी सिंगापुर से लौटने की संभावना कम
बिहार में छठ पूजा पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर भी यह त्योहार प्रमुख रूप से मनाया जाता है। मगर बीते कुछ सालों से किसी न किसी वजह से राबड़ी आवास में छठ पूजा नहीं हो पा रही है। इस बार भी यहां छठ पर्व मनने की संभावना नहीं है। दरअसल, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अभी सिंगापुर में हैं। उनका डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। संभव हुआ तो उनका किडनी ट्रांसप्लांट भी हो सकता है। लिहाजा, उनके घर पर छठ पूजा होने की संभावना नहीं है।
आईआरसीटीसी घोटाला और अन्य मामलों में कोर्ट से लालू प्रसाद यादव को 25 अक्टूबर तक देश से बाहर रहने की अनुमति मिली है। अगर उनका इलाज लंबा चला तो वे कोर्ट से समय बढ़ाने का अनुरोध भी कर सकते हैं। लालू प्रसाद सिंगापुर में अपनी बेटी रोहिणी के घर पर हैं। उनके इलाज के लिए बड़ी बेटी मीसा भारती भी अभी सिंगापुर में हैं।
राबड़ी आवास में लंबे समय से नहीं हुई छठ पूजा!
राबड़ी आवास में छठ और होली का पर्व परिवार के सभी लोग साथ मिलकर मनाते हैं। छठ पर तो लालू की सभी बेटियां भी पटना आ जाती हैं। बताया जा रहा है कि पटना स्थित राबड़ी आवास में बीते 5 सालों से छठ पर्व नहीं मनाया गया है। पिछले साल भी लालू यादव की तबीयत खराब होने की वजह से घर में छठ पूजा नहीं की गई। इससे पहले लालू के जेल में रहने, विधानसभा चुनाव में आरजेडी को हार मिलने और अन्य कारणों से यह त्योहार नहीं मनाया गया था।