गोपालगंज:
बिहार के गोपालगंज जिले के एक किसान परिवार से निकलकर साकिब हुसैन ने एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग में जगह बना ली है। IPL 2026 ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने साकिब हुसैन को 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। बेटे की इस सफलता से पूरे गांव में जश्न का माहौल है।
मंगलवार को अबू धाबी के एतिहाद एरीना में आयोजित आईपीएल 2026 ऑक्शन में जैसे ही साकिब हुसैन का नाम पुकारा गया, गोपालगंज के दरगाह मोहल्ला में खुशी की लहर दौड़ गई।
गांव में जश्न, किसान पिता की आंखों में खुशी
साकिब हुसैन के चयन से गोपालगंज जिले के सदर प्रखंड के दरगाह मोहल्ला में खुशी का माहौल है।
उनके पिता अली अहमद हुसैन पहले अरब देशों में सेल्ट्रिंग मजदूरी का काम करते थे और अब गांव में रहकर खेती करते हैं। बेटे के IPL में चयन ने परिवार की मेहनत और संघर्ष को नई पहचान दी है।
आर्मी की तैयारी करते-करते बने क्रिकेटर
साकिब के बड़े भाई आकिब हुसैन बताते हैं कि साकिब का सफर आसान नहीं था।
वे आर्मी की तैयारी किया करते थे और रोज सुबह 3 बजे मिंज स्टेडियम में दौड़ लगाने जाते थे। वहीं क्रिकेटरों को अभ्यास करते देखकर उनके मन में क्रिकेट खेलने की इच्छा जागी।
इंटरमीडिएट तक पढ़ाई पूरी करने के बाद साकिब ने पूरी तरह क्रिकेट को अपना करियर बनाने का फैसला किया।
शहर के स्टेडियम से राष्ट्रीय मंच तक का सफर
साकिब की क्रिकेट यात्रा की शुरुआत मिंज स्टेडियम से हुई।
देवधारी गिरी टूर्नामेंट के दौरान उन्हें गेंदबाजी के लिए चुना गया।
-
स्व. टूना गिरी
-
जावेद सिद्दीकी
-
साकेत
-
कोच रॉबिन
इन सभी ने साकिब की गेंदबाजी को पहचान दिलाई।
2021 में वे बिहार क्रिकेट लीग का हिस्सा बने और इसके बाद अंडर-19 क्रिकेट खेलने चंडीगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे ज्यादा विकेट झटके।
बेंगलुरु में प्रदर्शन देख मिला IPL मौका
साकिब को नेशनल क्रिकेट एकेडमी, बेंगलुरु में ट्रेनिंग का मौका मिला।
यहीं से उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेली, जिसका लाइव प्रसारण हुआ।
लाइव मैच में शानदार गेंदबाजी देखकर ही IPL टीम ने उन्हें नेट बॉलिंग ट्रायल के लिए बुलाया।
भाई आकिब हुसैन कहते हैं—
“पिता किसान हैं, साकिब ने बहुत मेहनत की है। अब उम्मीद है कि परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरेगी। उसकी सफलता पर हमें गर्व है।”
पहले भी IPL खेल चुके हैं साकिब
साकिब हुसैन इससे पहले भी IPL का हिस्सा रह चुके हैं।
-
पिछले सीजन KKR ने उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा था
उनके दोस्त सेराज अहमद का कहना है कि साकिब KKR के लिए लकी साबित हुए थे।
“साकिब फास्ट बॉलर हैं, शुरू से मेहनती रहे हैं। उन्हें सही मंच मिलेगा तो शानदार प्रदर्शन करेंगे।”
साकिब हुसैन का क्रिकेट रिकॉर्ड
-
6 फर्स्ट क्लास मैच – 16 विकेट
-
12 टी20 मैच – 10 विकेट
-
रणजी ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 10 विकेट, बिहार को दिलाई जीत
-
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी – 5 मैच, 5 विकेट
बिहार के लिए गर्व का पल
साकिब हुसैन का IPL 2026 में चयन यह साबित करता है कि संघर्ष, मेहनत और लगन से गांव का किसान का बेटा भी देश के सबसे बड़े क्रिकेट मंच तक पहुंच सकता है।



