
बढ़ते अपराध के खिलाफ रोड पर उतरे व्यापारी
प्रखंड क्षेत्र में बढ़ी आपराधिक घटनाओं के खिलाफ लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सड़क पर उतर आए। गैस एजेंसी में हुई लूट की घटना के खिलाफ सोमवार को शहर के व्यापारियों ने दुकानें बंद कर आक्रोश जताया। व्यापारियों ने कहा कि प्रखंड में बढ़ी अपराधिक घटनाओं पर अंकुश नहीं लगने से लोग दहशत में हैं। बेखौफ अपराधी कहीं न कहीं लूट की घटना को अंजाम देकर निकल जाते हैं और पुलिस गिरोह का पता भी नहीं लगा पाती है।
स्थिति यह है कि व्यापारी वर्ग हमेशा दहशत में रहकर अपना कारोबार कर रहे हैं। दुकान बंद करने के बाद व्यापारी और स्थानीय लोग एकजुट होकर थाने पहुंचे और पुलिस पदाधिकारियों से सुरक्षा मांगा। लोगों ने बढ़ी आपराधिक घटनाओं को लेकर थानाध्यक्ष से कई सवाल भी किए। लोगों ने कहा कि शराबबंदी के बावजूद बाजार में शराब बिक्री धड़ल्ले से की रही है। खुलेआम शराब के नशे में हंगामा करते हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं करती है।
लगातार लूट और चोरी की घटना होने के बाद भी गिरोह का पता पुलिस नहीं लगा पा रही है। बाजार के दुकानदार और आमलोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शाम ढलते ही व्यापारी अपनी दुकान बंद कर देते हैं। ऐसी स्थिति में सही तरीके से कारोबार करना मुश्किल हो गया है। थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस को लूटकांड का सुराग मिल चुका है।
गैस एजेंसी लूटकांड में एक गिरफ्तार:गम्हरिया।गम्हरिया में रविवार को गैस एजेंसी में हुई लूट की घटना में पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूट की घटना में उपयोग किए गए एक बाइक भी बरामद करने का दावा किया है। थाना अध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि लूटकांड में सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के मजरहट निवासी कन्हैया मंडल को गिरफ्तार किया गया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि जोगबनी से फुलकाहा वाले रास्ते में देर रात अपराधी को पकड़ा गया।
लूटकांड शामिल एक बाइक भी बरामद किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार युवक ने लूट की घटना में शामिल रहने की बात स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि उसकी निशानदेही पर अन्य अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source-HINDUSTAN